छत्तीसगढ़ को साइबर अपराधों से मुक्त और सुरक्षित डिजिटल राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है।
रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने 'साइबर जागृति अभियान' को नई गति देते हुए 'साइबर संकल्प' नामक विशेष वीडियो पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में तकनीक जितनी लाभकारी है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी है, इसलिए सुरक्षा के प्रति सजगता ही सबसे बड़ा बचाव है।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 'साइबर संकल्प' के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम कुल 9 वीडियो मॉड्यूल पर आधारित है।