गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर खालसा स्कूल परिसर में भव्य कीर्तन दरबार, सेवा कार्यों के लिए CSTA महासचिव गुरुचरण सिंह होरा का किया गया सम्मान रायपुर। पढ़िए पूरी खबर।

सिख समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस दौरान ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा को उनके द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रैंड विजन के माध्यम से विभिन्न धार्मिक आयोजनों का लाइव प्रसारण किया जाता है, जिसमें स्टेशन रोड गुरुद्वारा में प्रतिदिन गुरुग्रंथ साहिब के गुरबाणी पाठ का सीधा प्रसारण शामिल है। समाज के प्रतिनिधियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच रहा है।

सम्मान के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, सेवा, प्रेम और आपसी मेलजोल का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों को लाइव प्रसारण के जरिए घर-घर तक पहुँचाना उनके लिए एक सेवा कार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब से खालसा स्कूल परिसर में प्रकाशोत्सव का आयोजन हो रहा है, तब से ग्रैंड विजन नेटवर्क इसका लाइव प्रसारण कर रहा है और आगे भी समाजहित के कार्यों में नेटवर्क अपनी पूरी सहभागिता निभाता रहेगा।

इस गरिमामय कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा, स्टेशन रोड गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, जी.एस. बॉम्बरा, अमोल गरुड़ी और सिख समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाने वाला प्रकाश पर्व गुरु नानक देव जी के एक ईश्वर, सत्य, करुणा और मानव सेवा के आदर्शों को याद करने का पर्व है, जिसे देशभर के गुरुद्वारों में कीर्तन, अरदास और लंगर के साथ मनाया जाता है।









