मिर्च की खेती से दशमत साहू की बदली जिंदगी दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़कर 40 क्विंटल मिर्च का किया उत्पादन और विक्रय, 2 लाख रुपये की सकल बिक्री सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 सितंबर 2026 ग्राम मल्दा-अ की श्रीमती दशमत साहू ने मिर्च उत्पादन को अपनी आजीविका का जरिया बनाकर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने खेती को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए मिर्च उत्पादन एवं विक्रय का कार्य शुरू किया।
मेहनत का परिणाम यह रहा कि अब तक उन्होंने 40 क्विंटल मिर्च की तुड़ाई कर पूरी उपज का विक्रय कर लिया है। दशमत साहू के खेत से एक बार में लगभग 10 क्विंटल मिर्च की तुड़ाई हुई।
अब तक कुल 40 क्विंटल मिर्च का उत्पादन कर उसका विक्रय लगभग 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया गया। इस तरह मिर्च की बिक्री से 2 लाख रुपये की सकल बिक्री हुई।
खेती से प्राप्त इस आय ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा देने के साथ ही आगे भी आजीविका गतिविधि को बढ़ाने का विश्वास दिया है।