गरियाबंद। देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा नाला में अचानक आई बाढ़ के बीच चार लोग फंस गए। देर रात सूचना मिलने के बाद देवभोग पुलिस और गरियाबंद SDRF की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा नाला तेल नदी से कटकर बने क्षेत्र में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया था। इसी दौरान चार लोगों के बाढ़ में फंसने की सूचना ग्रामीणों ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
तेज बहाव के बीच पहुंची पुलिस टीम
मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने बाढ़ की स्थिति और पानी के तेज बहाव का जायजा लिया। हालात को गंभीर देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद गरियाबंद SDRF की टीम को भी तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया।
पुलिस और SDRF की टीम ने अंधेरी रात और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।
करीब रात 2 बजे चारों को सुरक्षित निकाला
लगातार प्रयास के बाद करीब रात 2 बजे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में त्रिनाथ मरकाम (45), बलभद्र मरकाम (42), दुबनी बाई मरकाम (30) और जयमनी (28) शामिल हैं। सभी टिकरापारा, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस और SDRF की तत्परता से बची जान
डायल-112 से सूचना मिलने के बाद देवभोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और SDRF के साथ समन्वय ने रेस्क्यू अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आधी रात बाढ़ के बीच चलाए गए इस अभियान में पुलिस और SDRF की टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए चारों लोगों को सुरक्षित बचा लिया।









